आजादी के जश्‍न में डूबा बिहार, हर जगह शान से लहराया तिरंगा

खबर , पटना , बृहस्पतिवार , 15-08-2019


br-IndependenceDay2019

निरंजन

73वें स्‍वतंत्रता दिवस के रंग में पूरा बिहार डूबा दिखा। राष्‍ट्रीय पर्व को अपने-अपने अंदाज में लोग सेलिब्रेट करते दिखे। पटना जंक्‍शन को तिरंगा के रंग में नहा दिया गया। पटना समेत तमाम जिलों में लोग आजादी का जश्‍न मनाते दिखे। खासकर बच्‍चों में उत्‍साह देखते ही बन रहा था।

मोतिहारी गांधी मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रभारी मंत्री विनोद नारायण झा ने झंडोत्‍तोलन किया। इसके पहले उन्‍होंने परेड का निरीक्षण किया। मौके पर जिलाधिकारी रमण कुमार व पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। 

 

 

 

लखीसराय के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य आयोजन में जिले के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री नीरज कुमार ने झंडोत्तोलन किया। उन्होंने परेड की सलामी ली। मौके पर डीएम शोभेन्द्र कुमार चौधरी, एसपी सुशील कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य सभी अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने एक बार फिर सरकार के संकल्प न्याय के साथ विकास की बात को दोहराया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से देश और राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है। लखीसराय जिला भी तेजी से विकास कर रहा है। सरकार की तमाम कल्याणकारी योजनाएं यहां आकार ले रही है। इस मौके पर मंत्री ने जिले के स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित भी किया। मुख्य समारोह के बाद डीएम, एसपी, डीडीसी, एसडीओ ने अपने-अपने कार्यालय पर तिरंगा फहराया। इससे पहले सरकारी आवास पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। 

नालंदा में स्‍वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में उत्‍साह दिख रहा था। क्‍या बच्‍चे, क्‍या बड़े सब आजादी के जश्‍न मनाते दिखे। वहीं मुख्‍य समारोह में प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार ने झंडोत्‍तोलन किया। ग्रामीण विकास मंत्री शैलेश कुमार ने तिरंगे को सलामी देते हुए जिले के विकास का संकल्‍प दोहराया। कहा, नीतीश सरकार जिले का तेजी से विकास कर रही है। झंडोत्‍तोलन के इस मौके पर जिले के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे। 

बेगूसराय के गांधी स्टेडियम में प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ध्वजारोहण किया। अपने संदेश में उन्होंने जिला की उपलब्धियों को गिनाते हुए बचे हुए विकास कार्यों को पूरा कराने में जिला प्रशासन को हर तरह के सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में जिला के एकमात्र जीवित बचे स्वतंत्रसेनानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 14 लोगों के सम्मानित भी किया। मौके पर डीएम राहुल कुमार, एसपी अवकाश कुमार, मेयर उपेंद्र प्रसाद सिंह सहित सभी अधिकारी, एनडीए के सभी दलों के जिलाध्यक्ष मंच पर मौजूद थे।





Leave your comment